कश्मीर में एनकाउंटर: पुलवामा में 3 आतंकी ढेर, बांदीपोरा में संदिग्धों की घेराबंदी
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सिक्युरिटी फोर्सेस ने मंगलवार को एक आतंकी को मार गिराया। 24 घंटे से जारी इस ऑपरेशन में अब तक 3 आतंकी मारे जा चुके हैं। भारतीय जवानों ने बामनू इलाके की उस बिल्डिंग को उड़ा दिया, जहां आतंकी एनकाउंटर के दौरान छिप गए थे। माना जा रहा है कि कुछ आतंकी इलाके में मौजूद हो सकते हैं, जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उधर, बांदीपोरा के अजस इलाके में घेराबंदी की गई है। यहां आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। एनकाउंटर के दौरान प्रदर्शन भी हुआ
- एनकाउंटर के दौरान पत्थरबाजों ने सिक्युरिटी फोर्सेस के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। गोलीबारी के बीच झड़प हुई, 2 जवानों समेत 10 लोग जख्मी हो गए।
- रविवार रात को पुलवामा के मलंगपोरा में जवानों ने 3 आतंकियों को घेर लिया था, लेकिन पथराव का फायदा उठाकर आतंकी भाग निकले थे। सोमवार तड़के ऑपरेशन शुरू हुआ।
- 24 घंटे तक आतंकी रुक-रुककर फायरिंग करते रहे। जवानों ने जवाबी कार्रवाई में पहले दो आतंकियों को मार गिराया। इसके बाद मंगलवार सुबह तीसरा आतंकी ढेर हो गया।
आर्मी ने तैयार की आतंकियों की लिस्ट
- बता दें कि कश्मीर घाटी से आतंकियों के सफाए के लिए सिक्युरिटी फोर्सेस ने कुछ दिन पहले एक्शन प्लान तैयार किया। इसे 'ऑपरेशन ऑल आउट' नाम दिया गया है। आर्मी ने 258 आतंकियों की लिस्ट तैयार की है।
- एक महीने में लश्कर के टॉप कमांडर जुनैद मट्टू, बशीर लश्करी और हिजबुल के सब्जार भट समेत 27 आतंकी मारे जा चुके हैं। पिछले साल 8 जुलाई को लश्कर आतंकी बुरहान वानी का एनकांउटर हुआ था।
6 पुलिसवालों का हत्यारा मारा गया था
- इसके पहले शनिवार को सिक्युरिटी फोर्सेस ने अनंतनाग में लश्कर के आतंकी बशीर लश्करी और अबू माज़ को मार गिराया था। एनकाउंटर के दौरान आतंकियों ने 17 लोगों को ह्यूमन शील्ड बनाया था, हालांकि ऑपरेशन के पहले सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया।
- पुलिस के मुताबिक, इन आतंकियों ने 16 जून को साउथ कश्मीर के अचबल में हमला किया था, जिसमें एक एसएचओ (टीआई) समेत 6 पुलिस जवान शहीद हो गए थे।
मारा गया था लश्कर का आतंकी मट्टू
- 17 जून को साउथ कश्मीर के बिजबेहरा में सिक्युरिटी फोर्सेस और लश्कर-ए-तैयबा के 3 आतंकियों के बीच एनकाउंटर हुआ। तीनों आतंकी एक घर में छिपे थे। फोर्सेस ने जुनैद मट्टू समेत दो आतंकियों को मार गिराया। मट्टू लश्कर का कमांडर था।
- सिक्युरिटी फोर्सेस को अरवानी गांव के मलिक मोहल्ले के एक घर में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। फोर्सेस ने घेरा डालकर इंतजार किया। अफसरों के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान लोगों ने फोर्सेस पर पथराव भी किया। इसके चलते पैलेट गन चलानी पड़ीं, जिसमें 22 साल के लड़के की मौत हो गई और 5 सिविलियन्स जख्मी हो गए। बता दें कि 2016 में मट्टू ने अनंतनाग में दो पुलिसवालों को गोली मारी थी।
मई में मारा गया था हिजबुल का आतंकी सब्जार भट
- 27 मई को जम्मू-कश्मीर में सिक्युरिटी फोर्सेस ने 2 एनकाउंटर ऑपरेशन्स को अंजाम दिया था। एक ऑपरेशन रामपुर सेक्टर तो दूसरा त्राल में चलाया गया। 24 घंटे में आर्मी ने 10 आतंकी मारे थे।
- त्राल के एनकाउंटर में हिजबुल मुजाहिदीन का टॉप कमांडर सब्जार अहमद भट भी मारा गया था। आतंकियों के मारे जाने के बाद घाटी में कई जगह लोगों ने आर्मी पर पथराव किया।
- पिछले साल 8 जुलाई को फोर्सेस ने हिजबुल आतंकी बुरहान वानी को मार गिराया था। बुरहान और सब्जार दोस्त थे।


Post a Comment