Header Ads

दूल्हे के प्रति जताना चाहती थी प्यार, इसलिए शादी के दिन मुंडवा लिया सिर


हेयरस्टाइल का खूबसूरती में अहम योगदान होता है। इसलिए दुल्हनें अपनी शादी वाले दिन के लिए खूब सोच-विचार कर हेयरस्टाइल चुनती हैं। लेकिन लिवरपूल, इंग्लैंड की जोन लियोंस ने अपनी शादी वाले दिन सिर मुंडाने का निर्णय लिया। यही नहीं, उनके दूल्हे क्रेग ने भी उनका सिर मूंडने में हाथ बंटाया। आपको यह जानकर हैरानी हो सकती है कि दुल्हन ने यह सब अपने दूल्हे के प्रति प्यार और परवाह जताने के लिए किया था।

30 साल लग गए प्यार का इजहार करने में
-दुल्हन द्वारा ऐन शादी के दिन अपना सिर मुंडाए जाने की यह घटना यूं तो पिछले साल अप्रैल में हुई थी, लेकिन यह हाल ही में एक बार फिर वायरल हो गई। दरअसल, इंस्टाग्राम पर वे वी मेट नामक एक पॉपुलर वेबसाइट ने बीती 22 जून को यह स्टोरी शेयर की, तो हजारों लोगों ने इसे पसंद किया।
-वे वी मेट अकाउंट के करीब 4 लाख फॉलोअर्स हैं। इस पर दुनियाभर की रियल लव स्टोरीज शेयर की जाती हैं। जोन ओर क्रेग की लव स्टोरी भी ऐसी है कि उसे जानकर कोई भी उनके सच्चे प्यार को सलाम किए बिना नहीं रह सकता।
-वे दोनों 14 साल की उम्र से एक-दूसरे को जानते थे। क्रेग के मन में जोन के प्रति पहली मुलाकात से ही प्यार था, लेकिन वे उसका इजहार नहीं कर पाते थे।
-क्रेग को इजहार करने में 30 साल लग गए। इस बीच जोन की एक बार शादी हो चुकी थी। क्रेग ने जोन को एक रेस्तरां के भीतर प्रपोज किया, तब उनके हाथ में मिल्कशेक था।
फिर पता चली यह दर्दनाक हकीकत
-जोन ने सहमति दे दी। यह दोनों के लिए बहुत खुशी का दौर था। वे अपनी शादी की योजना बनाने लगे। इसी दौरान, 2015 में क्रेग को पता चला कि उन्हें चौथे स्टेज का पैंक्रियाटिक कैंसर है। डॉक्टर्स ने बताया कि उनके पास सिर्फ 9 से 12 महीने ही बचे हैं।
-यह बहुत बड़े दुख का समय था। लेकिन क्रेग और जोन ने शादी करने और उस शादी को फंडराइजिंग का अवसर बनाने का फैसला लिया।
-15 अप्रैल, 2016 को वेडिंग के बीच, जोन ने क्रेग के प्रति अपना प्यार और परवाह जताने के लिए अपने बाल मुंडवाए। क्रेग ने भी उनके सिर पर शेवर चलाया। जोन ने अपने बाल लिटिल प्रिंसेस ट्रस्ट को दान कर दिए। उनसे कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए विग बनाए गए। इस मौके पर क्रेग और जोन ने गंभीर रूप से बीमार लोगों के लिए फंड भी जुटाया।
-दुनियाभर में इस अनोखी शादी और दुल्हन के काम की खूब चर्चा हुई थी। बाद में 2016 में दिसंबर माह में क्रिसमस के ठीक पहले क्रेग की मौत हो गई।