विदेश में नौकरी का झांसा देते थे बाप-बेटी, 1000 बेरोजगारों से ठग लिए 4 करोड़
एक हजार से अधिक बेरोजगारों को विदेश में अच्छी सैलरी पर नौकरी का झांसा देते हुए 4 करोड़ रुपए लेकर एजेंसी संचालक बाप-बेटी फरार हो गए। साकची के काशीडीह हावड़ा ब्रिज के पास ओरिएंटल ओवरसीज टूर एंड ट्रैवल एजेंसी ने शहर के पीड़ितों को रूस, न्यूजीलैंड और कनाडा में नौकरी दिलाने का सपना दिखाया था। एजेंसी संचालक लुधियाना (पंजाब) के रहने वाले हैं। एजेंसी ने हर युवक से 35 से 50 हजार रुपए वसूले। पांच महीने में वसूल लिए करोड़ों रुपए...
- ठगी के शिकार करीब 400 बेरोजगार विदेश में जॉब का सपना लेकर शनिवार की सुबह 11 बजे हावड़ा ब्रिज स्थित ओरिएंटल ओवरसीज के कार्यालय पहुंचे तो फर्जीवाड़े का पता चला।
- विदेश भेजने वाले अशोक कुमार थापर और उनकी बेटी प्रीति कुमारी फरार हो चुके थे। उन्हें फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
- ऑफिस में महिला क्लर्क स्वीटी कुमारी और सिमरन से पूछने पर बताया कि वह दिल्ली में है। सर ने कहा है कि और रुपए एकाउंट में डालने होंगे। यह सुन पीड़ित आक्रोशित हाे गए।
- उन्होंने भी फोन लगाया लेकिन बात नहीं हो सकी। पीड़ितों ने बताया कि साकची आमबगान स्थित साईं स्कैन में मेडिकल कराया गया था। कदमा सुजय यादव ने 20 हजार रुपए दिए थे।
- उसके कदमा के रहने वाले चार साथियों ने भी रकम दी थी। ठगी के शिकार कदमा शास्त्रीनगर के रहने वाले सुजय यादव उर्फ गुड्डू ने बताया चार साथियों के साथ 20-20 हजार रुपए विदेश जाने के लिए दिए थे।
- उन्हें अपाइंटमेंट लेटर आैर विदेश जाने का वीसा देने के लिए बुलाया गया था। थोड़ी देर में वहां सैकड़ों पीड़ित पहुंच गए जिनसे नौकरी दिलाने के नाम पर 35 से 50 हजार रुपए तक लिए गए थे। यहां से वे साकची थाना पहुंचे। वहां भी हंगामा किया।
फरवरी में खोला ऑफिस, 5 माह में करोड़ों वसूले
- थापर ने इसी साल फरवरी में हावड़ा ब्रिज साकची में एजेंसी का कार्यालय खोला था। विदेश में नौकरी का विज्ञापन, पोस्टर, हैंड बिल और कमीशन पर एजेंट रखकर पांच महीने में ही चार करोड़ रुपए वसूल लिए।
- महिला कर्मचारियों ने पुलिस के समक्ष कबूल किया है कि अब तक करीब एक हजार से अधिक लोगों से विदेश भेजने के नाम पर फीस ली गई। उनका मेडिकल भी कराया गया।
- गोलमुरी के मो. उस्मान ने बताया कि थापर ने कनाडा की एक खिलौना फैक्ट्री के अलावा रूस और न्यूजीलैंड में सुपरवाइजर, स्टोर इनचार्ज, मैकेनिकल हेल्पर की नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया था।
- उसने उस्मान को सुपरवाइजर का ऑफर दिया और 50 हजार मांगे गए थे। उसने 35 हजार दे दिए थे। बाकी 15 हजार जमा कर 17 जुलाई को दिल्ली ऑफिस में बुलाया गया था। इस बीच शनिवार को पता चला कि हम सभी ठगे गए हैं।
एजेंसी की 4 महिलाकर्मी हिरासत में, घर सीज
- गोलमुरी पुलिस ने एजेंसी के कार्यालय से प्रिया कुमारी, अनामिका कुमारी, प्रीति कुमारी और सुमन कुमारी को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की गई।
- महिला कर्मचारियों ने बताया कि चारों वहां काम करती हैं। शुक्रवार रात से ही एजेंसी संचालक का फोन बंद है। पुलिस ने बर्मामाइंस में आरोपी के घर की जांच की आैर सीज कर दिया है।
- विदेश जाने के लिए झारखंड के हर जिलों के यूथ्स शिकार हुए हैं। लेकिन, सबसे ज्यादा शहर के मानगो क्षेत्र से हैं।


Post a Comment