डेढ़ घंटे चला सांप का ऑपरेशन, 1 ft. काट दिया पीछे का हिस्सा
आदिल ने उस सांप की मदद करने की ठानी। वह उसे पास के पाथाखेड़ा स्थित पशु चिकित्सालय ले गया।
सांप की नस्ल रेड स्नेक दिखते ही लोग भाग खड़े होते हैं। अगर काट ले तो कुछ लोग शॉक से भी मर जाते हैं। लेकिन बैतूल से लगभग 50 किमी दूर एक 22 वर्षीय युवक आदिल खान को जब ये सांप दिखा तो वो भागा नहीं बल्कि सांप का ऑपरेशन करवाकर उसकी मदद की। ऑपरेशन करीब डेढ़ घंटे चला और उसके टेल साइड का एक फीट का हिस्सा काट दिया गया।क्यों हुआ ऑपरेशन...
- दरअसल, यह सांप लोहे के तार की फेसिंग में फंसा हुआ था। 5 फीट से ज्यादा लंबे इस सांप के तार में फंसने से पूंछ की ओर का करीब एक फीट हिस्सा घाव से सड़ने लगा था और उसमें कीड़े भी लग गए थे।
- आदिल ने उस सांप की मदद करने की ठानी। वह उसे पास के पाथाखेड़ा स्थित पशु चिकित्सालय ले गया। वहां सहायक पशु चिकित्सक डॉ. पंकज माहोरे से सांप का ऑपरेशन करवाया।
‘घायल हिस्से के ठीक होने की संभावना ना के बराबर थी’
- बतौर डॉ. माहोरे, ‘आदिल घायल सांप को रेस्क्यू कर हमारे हॉस्पिटल लाया था। सांप की पूंछ के करीब एक फीट हिस्से में गंभीर घाव था और उस हिस्से की दोबारा ठीक होने की संभावना ना के बराबर थी। लगभग एक साल उम्र के इस सांप को बेहोशी का इंजेक्शन देकर उसका ऑपरेशन किया गया। सड़ चुके हिस्से को हमेशा के लिए अलग कर मरहम-पट्टी कर दी गई।’
डॉक्टर और विशेषज्ञों की सलाह से देख-रेख
- करीब डेढ़ घंटे चले ऑपरेशन के बाद आदिल सांप अपने घर ले गया और सांप को होश आने पर उसके लिए एक मेंढक पकड़कर लाया। सांप अब धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहा था। सोमवार को घाव से पट्टियां भी खुल गई हैं। आदिल सांप के घाव में अभी भी दवा व पाउडर लगा रहा है। सांप की देख-रेख और उसे रखने के स्थान के लिए उसने डॉक्टर और एक सांप विशेषज्ञ से सलाह भी ली है।
जीव-जंतु की हर संभवत मदद को तैयार
- आदिल बताते हैं, ‘मुझे जीव-जंतुओं को रेस्क्यू कर हरसंभव मदद करने में आत्मीय सुख मिलता है। ये आदत मुझमें मेरे पिता से आई है। कॉलोनी में कहीं सांप निकलता हो, या कोई घायल पंछी या जीव मिलता है तो मैं यथासंभव मदद करता हूं। जरूरत के मुताबिक उसके खाने और इलाज की व्यवस्था करता हूं और ठीक हो जाने पर उसे जंगल छोड़ आता हूं।’
- आदिल 8-10 स्ट्रीट डॉग्स, 7-8 बिल्लियों और पंक्षियों को नियमित रूप से खाना देता है। इससे पहले उसने एक बाज़ को रेस्क्यू कर घर में उसकी देखरेख की और फिर जंगल में छोड़ आया। आदिल ने आंगन में उसने उनकी देखरेख के लिए छोटा सा रेस्क्यू सेंटर सा बना रखा है।
- ऑपरेशन से सांप की पूंछ की तरफ के सड़ चुके हिस्से को कांटकर अलग कर दिया गया। अब सांप स्वस्थ है। - डॉ. पंकज माहोरे, सहायक पशु चिकित्सक, पशु चिकित्सालय, पाथाखेड़ा, सारनी
- सांप की देखरेख के लिए डॉक्टर और विशेषज्ञों से सलाह ली है, जब वो मुझे सांप के स्वस्थ होने की पुष्टि कर देंगे, मैं सांप को जंगल में छोड़ आउंगा। - आदिल खान, सांप को रेस्क्यू करने वाला 22 वर्षीय युवक








Post a Comment