मूंछों पर ताव देकर ऐसे पाक रेंजरों को दिखाते हैं औकात
देश की सरहदों को सुरक्षित रखने के लिए बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के जवान सीमा पर अग्रिम मोर्चे पर पाकिस्तानियों को हर दिन करारा जवाब देते हैं, वहीं बाॅर्डर पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी में भी रोजाना पाकिस्तानी रेंजरों को उनकी औकात दिखाते नजर आते हैं। फिरोजपुर के हुसैनीवाला बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी के समय बीएसएफ के कांस्टेबल मनोहर लाल सहित उनके साथियों की परेड कुछ अलग और उम्दा जोश के साथ दिखती है।
मनोहर लाल जब सेरेमनी में सिर पर पगड़ी, चमकते शूज और चमकती वर्दी के साथ हाथों में एसएलआर सहित अपने पैरों को 180 डिग्री पर ले जाकर जमीन पर पटकता है तो पाकिस्तानी रेंजरों की रूह कांप जाती है।
सेरेमनी देख रहे भारतीय दर्शकों की तालियां मनोहर लाल के जोश और जज्बे में टॉनिक का काम करती है और वह पूरी ताकत से पाक रेंजरों को उनकी औकात रोजाना दिखाते हैं।
- राजस्थान के पाली गांव के रहने वाले 27 वर्षीय मनोहर लाल ने भास्कर को बताया कि वे पिछले 6 सालों से बीएसएफ में हैं और कुछ सालों से सेरेमनी के दौरान परेड कर रहे हैं।
- वे बताते हैं कि परेड के लिए जब तैयार होते हैं तो जोश और जज्बा तन-मन में भर जाता है। कहते हैं-बचपन से ही देश के लिए कुछ कर गुजरने की तमन्ना थी जिसे खुशी से निभा रहा हूं। रौबदार मूच्छों वाले कांस्टेबल निशान सिंह जब अपने रौबदार चेहरे को दनदनाते हुए पाकिस्तानी रेजरों के पास जाकर लाल आंखें दिखाते हैं तो उनकी एनर्जी देखते बनती है।
- सेरेमनी के दौरान एकाएक रेंजरों को सामने देख जोश आ जाता है। 30 मिनट की रिट्रीट सेरेमनी में परेड के लिए बीएसएफ के 12 जवान लगभग 5 किलो वजनी SLR के साथ ड्रिल करते हुए अपनी देशभक्ति और जोश का पूरा प्रदर्शन करते हैं।
- वेस्टर्न कमांड की 105 बटालियन के जवान फिरोजपुर की हुसैनीवाला सरहद पर जमे हुए हैं। परेड कमांडर महान सिंह रावत, हेड कांस्टेबल सतपाल सिंह, कांस्टेबल दिलीप कुमार,विरंेदर सिंह,दीपक कुमार, राउट परेश, दिनेश चंद्रा, का कहना यही है कि देश के लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं।
फिरोजपुर के हुसैनीवाला बॉर्डर के पास दोनों देशों के जवान सेरेमनी के दौरान काफी करीब आ जाते हैं।
- ऐसे में वर्ष 2011 में पाक रेंजर और भारतीय जवान में परेड के दौरान धक्का लग जाने से दोनों जवान आपस में भिड़ गए थे जिससे माहौल गर्म हो गए थे। उसके बाद कभी कोई ऐसी दुर्घटना नहीं हुई।

Post a Comment