जिनकी बल्लेबाजी से कंपते थे गेंदबाज, आज बिना सहारे के एक कदम नहीं चल सकते!
धुआंधार बल्लेबाजी से गेंदबाजों को धूल चाटा देने वाले साथ ही गेंदबाज़ों की लाइन और लेंथ बिगाड़ देने वाले पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर सनथ जयसूर्या आज खुद के पैरों पर चलने को मोहताज हैं। वो बिना सहारे के एक कदम भी नहीं रख पाते हैं। जयसूर्या बैसाखियों के सहारे चलते हैं। कभी धुआंधार बल्लेबाजी करने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज आज घुटनों की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जयसूर्या के घुटनों का ऑपरेशन जल्द ही होगा। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद जयसूर्या दो बार श्रीलंका क्रिकेट की चयन समिति के चेयरमैन रहे। हालांकि उनका कार्यकाल विवादों से घिरा रहा। उन पर उम्मीदों पर खरा न उतर पाने का आरोप है। यह भी कहा गया कि उनके कार्यकाल में समिति ने बहुत सारे बदलाव किए जिससे खिलाड़ियों के बीच टीम में अपनी जगह को लेकर असुरक्षा की भावना पनपी, इससे उनके प्रदर्शन पर असर पड़ा। 2017 में जयसूर्या और उनकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका और घर में भारत के हाथों हुई दुर्गति के बाद पद से इस्तीफ़ा दे दिया था।
सीलोन टु़डे की खबर के मुताबिक सनथ जयसूर्या बिना बैसाखी के चल नहीं पाते हैं और उनके घुटनों का ऑपरेशन होना है। जयसूर्या जनवरी के पहले हफ्ते में ऑस्ट्रेलिया जा सकते हैं जहां मेलबर्न में उनकी सर्जरी होगी। पूरी प्रक्रिया में महीने भर का वक्त लग सकता है जैसा कि सर्जरी के बाद उन्हें इसकी जटिलताओं से बचाने के लिए देखरेख में रखा जाएगा। यह भी परखा जाएगा कि वह सर्जरी के बाद फिर से पैरों पर खड़े होकर चल पाते हैं या नहीं।
48 वर्षीय जयसूर्या 2011 में रिटायर होने से पहले श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के मजबूत स्तंभ माने जाते थे। शायद ही कोई गेंदबाज रहा हो जो उनसे खौफ न खाता हो। वह क्रीज पर रहते थे तो विपक्षी टीम को रणनीति बनाने में मुश्किल आती थी। जयसूर्या ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के हुनर से श्रीलंका ही नहीं, दुनिया भर में अपने फैन्स बनाए। बढ़ती उम्र इस दिग्गज क्रिकेटर के करियर में आड़े आ गई और अब हालत घुटनों के ऑपरेशन की आ पड़ी है।

Post a Comment