इन एक्ट्रेस बहनों ने किया पिता के होटल का इनॉगरेशन, पिता हैं कांग्रेस MLA
भागलपुर के कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा ने 'वैभव' नाम से एक लग्जरी होटल खोला है। MLA ने शुक्रवार देर रात फेसबुक पेज के जरिए इसकी जानकारी दी। खास बात ये कि MLA की दोनों बेटियां नेहा शर्मा और आएशा शर्मा इस मौके पर मौजूद रहीं और उन्होंने इस होटल का इनॉगरेशन किया।
बिजनेसमैन से विधायक बने अजीत शर्मा का ये होटल नेशनल हाईवे के किनारे बना है। अजीत शर्मा साल 2014 में बिहार उपचुनाव में भागलपुर से कांग्रेस कैंडिडेट बनाए गए थे और गठबंधन के तहत उन्हें जेडीयू और आरजेडी का समर्थन मिला था। बता दें कि इस होटल की पार्किंग को लेकर कुछ दिनों पहले विवाद भी हुआ था। आरोप था कि अजीत शर्मा ने होटल के पार्किंग के लिए सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने होटल के सामने से गुजर रहे नेशनल हाइवे की जमीन पर पार्किंग बनवा दिया।
बता दें कि अजीत की दो बेटियां नेहा और आयशा शर्मा हैं जो बॉलीवुड की फेमस एक्ट्रेस हैं। साल 2015 में बिहार विधानसभा चुनाव में आयशा और नेहा ने मिलकर पिता के लिए वोट मांगा था। आयशा और नेहा ने खुले जीप में पिता के साथ चुनाव प्रचार किया था। इस दौरान दोनों को देखने के लिए जबरदस्त भीड़ पहुंची थी। इलेक्शन कैंपेन के दौरान दोनों ने जनता से अपील करते हुए कहा था कि हम दोनों भागलपुर की बेटी हैं और अपने घर अपने पापा के लिए वोट मांगने आए हैं। हम दोनों आप सभी से अपील करते हैं कि आप मेरे पिता के लिए वोट करें।
आयशा और नेहा तीन भाई-बहन हैं। सबसे बड़ी नेहा और फिर उनसे छोटी आयशा है। सबसे छोटा भाई है। आयशा की स्कूलिंग और कॉलेज की पढ़ाई दिल्ली से हुई है। उन्होंने नोएडा के एमिटी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग से कॉलेज की पढ़ाई की है। उन्होंने बायोटेक्नोलॉजी में डिग्री ली है। आयशा ने कई टीवी विज्ञापनों में भी काम किया है।
अजीत शर्मा की बड़ी बेटी नेहा ने स्कूली शिक्षा माउंट कारमेल स्कूल, भागलपुर से पूरी की है। इसके बाद नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ़ इंटीरियर एंड फैशन टेक्नोलॉजी, नई दिल्ली से उन्होंने फैशन डिजाइनिंग की। बता दें कि कुछ समय तक फैशन डिजाइनर के रूप में काम करने के बाद नेहा को तेलुगु फिल्म में ब्रेक मिला थी। होटल के इनोग्रेशन के दौरान उन्होंने बताया कि अभी वे साउथ की तीन फिल्मों में काम कर रही हैं।

Post a Comment