पाइप लाइन में बहती रही डेड बॉडी, 50 किलोमीटर तक जाकर प्लांट में जा अटकी
यहां पानी की तकरीबन 50 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन से एक डेड बॉडी बहकर फिल्टर प्लांट तक पहुंच गई। बुधवार दोपहर बाद फिल्टर प्लांट पर लगी सीमेंट की जाली में शव के हाथ-पैर नजर आए, तो वहां सनसनी फैल गई। प्लांट पर काम करने वाले पीएचईडी कर्मचारियों ने इसकी सूचना अफसरों को दी, बाद में डांगियावास पुलिस भी वहां पहुंची। अब शव को बाहर निकालने के लिए सीमेंट के पिलरनुमा पाइप की जाली काटने की कवायद गुरुवार सुबह शुरू की जाएगी। ऐसे में गुरुवार को पीपाड़, बिलाड़ा सहित 119 गांवों में पानी नहीं आएगा। जलापूर्ति शुक्रवार को भी बंद रह सकती है।
डांगियावास थानाधिकारी सुरेश चौधरी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब तीन बजे जलदाय विभाग के एक्सईएन सत्यनारायण दाधीच की ओर से सूचना मिली कि इंद्रोका से माणकलाव होते हुए दांतीवाड़ा फिल्टर प्लांट तक आने वाली पाइप लाइन में से किसी का शव बहकर आया है। इस पर वे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक दाधीच औरअन्य अधिकारी भी दांतीवाड़ा पहुंचे।
- हर कोई यही सोच कर हैरान था कि इंद्रोका से दांतीवाड़ा तक पहुंचने वाली यह पाइप लाइन बीच रास्ते में कहीं भी खुली नहीं है, तो शव कैसे आया? ऐसे में संभव है कि यह शव इंद्रोका से बहकर यहां तक पहुंचा होगा।
- यहां फिल्टर प्लांट में सीमेंट के बने विशाल पिलर (जिसमें वेंटिलेटर के जरिए पानी फिल्टर हौद में पहुंचता है) के वेंटिलेटर्स में हाथ और पैर नजर आ रहे थे।
- शव को बाहर निकालने के लिए विभाग के अधिकारियों ने आरसीसी के वेंटिलेटर्स काटने के लिए मशीनें मंगवाई हैं। इस काम के लिए और बाद में मरम्मत पर लाखों रुपए खर्च होने की संभावना है।
- थानाधिकारी चौधरी की सूचना पर स्टेट डिजास्टर रिलीफ फोर्स (एसडीआरएफ) की टीम भी दांतीवाड़ा पहुंची।
पीएचईडी के एक्सईएन एसएन दाधीच के अनुसार इंद्रोका से जोधपुर तक मुख्य पाइप लाइन दो मीटर चौड़ी है, जिसमें कोई इंसान खड़े होकर चल भी सकता है।
- इसी मुख्य लाइन से इंद्रोका के 15 मील इलाके में टी पॉइंट लगाकर 1000 एमएम की पाइप लाइन माणकलाव तक पहुंचती है।
- माणकलाव में इसी लाइन पर टी पॉइंट के जरिए 800 एमएम की पाइप लाइन माणकलाव फिल्टर प्लांट तक जाती है, जबकि 1000 एमएम वाली लाइन कई मोड़ होते हुए बनाड़ तक और वहां से सीधे दांतीवाड़ा फिल्टर प्लांट तक आती है। माणकलाव से दांतीवाड़ा तक यह लाइन 42 किलोमीटर है, जबकि इंद्रोका से माणकलाव के बीच की दूरी ८,10 किलोमीटर है।

Post a Comment