Header Ads

पालतू बिल्ली के कारण शख्स की हो गई ऐसी हालत, मौत के मुंह से आया वापस


पालतु बिल्ली की देखभाल करने के कारण कारण एक शख्स की जिंदगी ही दांव पर लग गई। इस शख्स ने अपनी बिल्ली की जान बचाने की कोशिश की और बदले में उसी की जान पर बन आई। अमेरिका के ओरेगांव के रहने वाले पॉल गेलॉर्ड के पास एक पालतु बिल्ली थी जो उन्हें बेहद प्यारी थी। लेकिन इसी बिल्ली के कारण उन्हें एक महीना अस्पताल में रहना पड़ा। और तो और, पॉल को अपने हाथों-पैरों की उंगलियां भी गंवानी पड़ी।

पॉल को अपनी ही पालतु बिल्ली के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा, ये तो उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था। बिल्लियों को चूहे से कितना प्यार होता है ये तो सभी जानते हैं। पॉल की बिल्ली ने भी एक दिन अपने जबड़े में चूहे को जकड़ लिया। पॉल ने जब ये देखा तो वो चूहे को बचाने दौड़े लेकिन बिल्ली तब तक चूहे को निगल चुकी थी। चूहा बिल्ली के गले में अटक गया।

बिल्ली की हालत जब ज्यादा खराब होने लगी तो पॉल ने खुद उसके गले में हाथ डालकर चूहे को निकालना चाहा। पॉल ने जब बिल्ली के मुंह में हाथ डाला तो बिल्ली ने उन्हें काट लिया। इसके बाद पॉल को अपने शरीर में कई बदलाव दिखे। जब उन्होंने डॉक्टर को दिखाया तो डॉक्टर ने कहा कि उन्हें प्लेग है। इसे ब्लैक डेथ भी कहते हैं। इसके कारण उनके ग्लैंड्स नींबू के आकार के बढ़ गए थे। उनके हाथ-पैरों की उंगलियां तो ऐसा हो गईं थीं जैसे जल गई हों। वो एकदम काली पड़ चुकी थी।

पॉल के हाथों-पैरों की उंगलियां हटा दी गईं। उनकी हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि उन्हें लाइफ सपोर्टिंग मशीन पर रखा गया। वो कोमा में चले गए। डॉक्टरों ने उनपर जवाब दे दिया था। सभी को लगा कि अब पॉल नहीं बचेंगे लेकिन तभी एक करिश्मा हुआ। जिस दिन डॉक्टर उनकी लाइफ सपोर्टिंग मशीन हटाने वाले थे, उसी दिन वो कोमा से बाहर आ गए। बिल्ली पालने की ऐसी कीमत, शायद ही किसी को चुकानी पड़ी हो।