किन्नरों ने ऐसे घेरा पुलिस थाना, इस एक बात को लेकर थे गुस्सा
खंडवा में किन्नरों के एक समूह ने कोतवाली के सामने घंटेभर तक जमकर हंगामा मचाया। एक किन्नर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर इनमें से कुछ सड़क पर ही अर्द्धनग्न होकर ताल ठोंकने लगे। किन्नरों के इस प्रदर्शन को देख सड़क पर जाम लग गया। यहां से गुजरने वाले कुछ लोग तमाशा देखते रहे। पुलिस अफसर और जवान समझाने आए तो तालियां ठोककर उन्हें खूब कोसा। हंगामे के बाद पुलिस ने प्रताड़ित करने वाले किन्नर व उसके साथियों के खिलाफ हफ्ता वसूली का प्रकरण दर्ज किया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
- किन्नर करिश्मा अपने चेले सोफिया व अन्य साथियों के साथ एसपी आफिस पहुंची और एएसपी महेंद्र तारनेकर को बताया कि उन्हें किन्नर सितारा व उसके साथियों द्वारा हफ्ता वसूली के लिए परेशान किया जा रहा है।
- 22 नवंबर को सितारा का साथी राजकुमार हफ्ता वसूली के लिए सोफिया के घर पहुंच गया, जिसे पकड़कर वे कोतवाली लाए, लेकिन यहां कार्रवाई नहीं हुई।
- 23 नवंबर की रात सोफिया के साथ अज्जू, राजकुमार, कैलाश, जावेद, अतुल निवासी सूरजकुंड ने मारपीट कर मंगलसूत्र छीन लिया। किन्नर शिकायत लेकर पहुंचे तो पुलिस ने उनकी शिकायत नहीं ली।
- किन्नरों के शिकायती आवेदन पर एएसपी तारनेकर ने कोतवाली में केस दर्ज करने के निर्देश दिए थे, लेकिन वहां मौजूद अफसरों ने उन्हें काफी देर बैठाए रखा।
- किन्नर व उसके साथियों की बार-बार प्रताड़ना और पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने से दूसरे दल के किन्नरों का शुक्रवार को सब्र टूट गया।
- किन्नरों ने अपना आपा खोते हुए बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया। पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर कपड़े उतारकर उन्हें खूब कोसा।
- एसआई विकास खिंची ने बताया काम अधिक होने से किन्नरों की शिकायत लेने में थोड़ा वक्त लग गया। इस पर वे उग्र हो गए और प्रदर्शन करने लगे। समझाइश के बाद उन्होंने हंगामा करना बंद किया। किन्नर करिश्मा की शिकायत पर किन्नर सितारा जान, राजकुमार, टुंडा, अज्जू, जावेद, अतुल व कैलाश निवासी सूरजकुंड के खिलाफ हफ्तावसूली का प्रकरण दर्ज किया गया है।

Post a Comment