Header Ads

मारुति सुजुकी के मानेसर प्लान्ट में घुसा तेंदुआ: इम्प्लॉइज नहीं गए अंदर, काम ठप


ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति-सुजुकी के मानेसर स्थित प्लान्ट में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक तेंदुआ घुस गया। बताया जाता है कि तेंदुआ तड़के 4 बजे प्लान्ट के इंजन डिपार्टमेंट में देखा गया। इसके बाद सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू की। तेंदुए के डर से सुबह की शिफ्ट के इम्प्लॉई काम करने के लिए अंदर नहीं जा सके। लिहाजा, प्लान्ट में काम पूरी तरह से ठप हो गया है।


 कंपनी के सुरक्षाकर्मी सुबह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, उसी दौरान उनकी नजर एक जानवर की परछाईं पर पड़ी। उन्होंने सोचा कि कोई कुत्ता होगा, लेकिन जब जानवर सामने आया तो उनके होश उड़ गए।


- तेंदुए को देख कर्मचारियों ने शोर मचाया, जिसके चलते तेंदुआ प्लान्ट के अंदर घुस गया। इम्प्लॉई यूनियन के नेता कुलदीप जांघू ने बताया कि तेंदुए के घुस आने की खबर सुनते ही काम रोक दिया गया है।



 मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि प्लान्ट में तेंदुए के घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्लान्ट के अंदर तेंदुए को तलाश अभी जारी है। टीम प्लान्ट के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तेंदुआ कहां छिपा है।


- दरअसल, गुड़गांव का यह इलाका अरावली पर्वत श्रृंखला से सटा हुआ है। वहां आसपास घने जंगल हैं। ऐसे में, जंगली जानवर अक्सर यहां रिहायशी इलाके में आ जाते हैं।