ये है WWE की पहली भारतीय महिला पहलवान, नाश्ते में खाती है 6 केले और पीती है 2 लीटर दूध
आप डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर ‘द ग्रेट खली’ को तो जानते ही होंगे, लेकिन आज हम आपको एक ऐसी भारतीय महिला पहवान के बारे में बताएंगे जिन्हें लोग ‘लेडी खली’ कहते हैं। जी हां, ये ‘लेडी खली’ सलवार कमीज पहन कर रिंग में उतरती है तो बड़े-बड़े पहलवानों के छक्के छुड़ा देती है।
बागपत की रहने वाली कविता दलाल ने कड़े संघर्ष के बीच अपनी पहचान बनाई है। वह उन लाखों महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो मेहनत के बलबूते अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।
बागपत के बिजवाड़ा की रहने वाली कविता शादीशुदा होने के बाद भी लगातार डब्ल्यूडब्ल्यूई में देश के लिए मेडल्स जीत रही हैं। नेशनल लेवल पर 9 साल तक वेट लिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाली कविता का सपना खली की तरह डब्ल्यूडब्ल्यूई में तिरंगा लहराना है।
दक्षिण एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कविता दलाल को मेई यंग क्लासिक में मुकाबले के लिए चुना गया है। कविता डब्ल्यूडब्ल्यूई के इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान हैं।
इसकी घोषणा वल्र्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (डब्ल्यूडब्ल्यूई) ने की है। कविता इस स्पर्धा में 31 शीर्ष प्रतिस्पर्धियों से मुकाबला करेंगी। कविता पूर्व डब्ल्यूडब्ल्यूई हेवीवेट चैंपियन दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली की स्टूडेंट हैं और वह खली की जालंधर स्थित एकेडमी में ट्रेनिंग ले रही हैं।
स्कूली शिक्षा के बाद कविता ने 2004 में लखनऊ में रेसलिंग की ट्रेनिंग ली। यही नहीं रेसलिंग से पहले कविता वेट लिफ्टिंग में भी कई मेडल जीत चुकी हैं।
2004 से 2014 के बीच उन्होंने कई नेशनल और इंटरनेशनल कॉन्टेस्ट में पार्टिसिपेट किया। फरवरी 2016 में साउथ एशियन गेम्स में कविता ने स्वर्ण पदक जीता था। लेकिन उनको पहचान मिली कॉन्टिनेंटल रेसलिंग एंटरटेनमेंट (सीडब्ल्यूई) चैम्पियनशिप से, जहां उन्होंने नेशनल रेसलर बुलबुल के चैलेंज को स्वीकार किया और सलवार कमीज पहने रिंग में उतरीं और बुलबुल को बुरी तरह पीटा।
उनका ये वीडियो काफी वायरल हुआ था। उनकी फाइट को देख द ग्रेट खली ने अपने शो ‘द ग्रेट खली रिटर्न शो’ में बुलाया। जहां उनका मुकाबला अमेरिका की इंटरनेशनल रेसलर नटरिया से हुआ। कविता ने इस अमेरिकी पहलवान को 12 मिनट में चित कर दिया।
इसके बाद कविता का रेसलिंग में करियर शुरू हो गया। इसके बाद कविता के दो मुकाबले एंटीना और जिमी जेम से हुए। वहां भी उन्होंने उनको मिनटों में हरा दिया।
2008 में कविता का कांस्टेबल के पद पर एसएसबी में चयन हुआ था। 2009 में कविता की बागपत के बिजवाड़ा गांव निवासी गौरव से शादी हुई।
गौरव भी एसएसबी में कांस्टेबल हैं। ड्यूटी के साथ-साथ कुश्ती को पूरा समय दे पाना संभव नहीं हुआ तो कविता ने 2010 में नौकरी छोड़ दी। कविता का कहना है कि मेरे फैसले में पति गौरव कुमार के साथ-साथ ससुराल वालों ने पूरा साथ दिया।
कविता के पति गौरव वॉलीबॉल के खिलाड़ी हैं और दोनों का एक पांच साल का बेटा है।
यह है एक दिन की डाइट
सुबह का नाश्ता : 6 केले, 6 अंडे, दो लीटर दूध, 30 बादाम, 9 ब्रैड पीस जैम के साथ, 100 ग्राम मूंगफली।
दोपहर का खाना : 500 ग्राम दही, हरा सलाद, चार चपाती, चावल, दाल, सूखी सब्जी।
शाम 5 बजे प्रैक्टिस से पहले : एक ग्लास दूध या कॉफी के साथ 100 ग्राम देशी घी में भुने हुए बादाम।
शाम 7.30 बजे प्रैक्टिस के तुरंत बाद : 85 ग्राम डब्बाबंद प्रोटीन व विटामिन।
रात का खाना : 500 ग्राम से लेकर एक किलोग्राम तक मटन/मीट, दूध और ग्लूकोज।


Post a Comment