नागिन पर 5 हजार का इनाम, 5वीं बार बेटे को न डसे-बंदूकधारी देते हैं पहरा
यूपी के शाहजहांपुर में नाग-नागिन का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नाग की मौत के बाद एक नागिन बदला लेने के लिए एक युवक के पीछे पड़ी है। नागिन इस युवक को चार बार डस भी चुकी है। नागिन से बचाने के लिए युवक के साथ हमेशा बंदूकधारी और लठैत तैनात रहते हैं। इतना ही नहीं घर वालों ने नागिन को जिंदा या मुर्दा पकड़ने वाले को 5 हजार का इनाम देने की घोषणा भी की है।ये है मामला...
- ये मामला शाहजहांपुर के खिरिया पश्चिम गांव का है। यहां के रहने वाले ब्रजभान सिंह ने नवंबर 2016 में मिलन कर रहे एक नाग को लाठी से मार डाला था। इसके बाद नागिन ने 10 मिनट के बाद ही ब्रजभान सिंह को डंस लिया।
- ब्रजभान को एक संत ने देशी दवा के जरिए बचा लिया। इसके बाद मई 2017 में फिर से नागिन ने हमला करके उसे डस लिया। इसी तरह जुलाई और 5 अगस्त 2017 को भी नागिन ने युवक को डस लिया। इस दौरान हर बार संत की दवा से वो बच गया।
- सांप के डर से युवक ज्यादातर बिस्तर पर ही लेटा रहता है और उसके चारों तरफ एक सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इस सुरक्षा घेरे में बन्दूकधारी और लठैत हर वक्त उसकी पहरीदारी करते रहते हैं।
- परिवार वालों की माने तो नाग की मौत का बदला लेने के लिए नागिन हर वक्त उसके आस पास ही छिपी रहती है। कई बार परिवार वालों ने भी नागिन को घर और घर के बाहर देखा है। उसे जब भी मौका मिलता है वो ब्रजभान पर हमला कर देती है।
ब्रजभान के पिता सुखेन्द्र सिंह का कहना है कि, ''पूरा परिवार पिछले कई दिनों से नागिन के खौफ से परेशान हैं। इसके लिए 24 घंटे सुरक्षा में लगे लोगों को जागना पड़ता है।''
- ''इतना ही नागिन के हमले से परेशान होकर मैंने नागिन को जिन्दा या मुर्दा पकड़ने वाले को 5 हजार रुपए देने की बात भी कही है। अब तक कई लोग इनाम पाने क लिए नागिन को पकड़ने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन वो पकड़ में नहीं आई।''
- वहीं, सीएमओ के मुताबिक, ''नाग को मार दने पर नागिन उसका बदला ले ये फिल्मों और कहानियों में ही देखा गया है। असल में ऐसा कुछ भी नहीं है। ब्रजभान को चार बार सांप ने काटा है इसलिए उसकी आंखों के सामने हर वक्त सांप ही रहता है। ये सिर्फ अंधविश्वास है और कुछ नहीं।''

Post a Comment