4000 करोड़ के घोटाले के आरोपी ex CM, हल चलाते FB पर शेयर की फोटो
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने गुरुवार को अपने फेसबुक वॉल पर खेत में हल चलाते अपनी एक फाेटो शेयर की है। वह पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित अपने गांव पाताहातू में खेती कर रहे हैं। इस फोटो पर सैकड़ों लाइक आैर कमेंट्स आ रहे हैें। बताते चलें की मधु कोड़ा एक समय मकानों में लोहे के खिड़की और दरवाजे लगाने का काम किया करते थे। सीएम बनने के बाद उन पर चार हजार करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लग चुका है।
- 2006 से 2008 के बीच सीएम रहे कोड़ा घोटाले के आरोप में 3 साल 8 महीने जेल में रहे। अभी जमानत पर हैं। अब भी इन पर भ्रष्टाचार के केस चल रहे हैं।
- कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा जय भारत समानता पार्टी की इकलौती विधायक हैं। यह पार्टी भी मधु कोड़ा ने ही बनाई है।
-यह फोटो मधु कोड़ा ने चाइबासा स्थित अपने गांव के खेत में खिंचवाया है। बताते चलें कि इन्हें मुख्यमंत्री के रूप में 18 सितंबर 2006 को शपथ दिलाई गई थी।
-मधु कोड़ा का यह भी रिकॉर्ड रहा है कि निर्दलीय विधायक होते हुए वे झारखंड के मुख्यमंत्री बने थे। कोड़ा करीब 709 दिन झारखंड के मुख्यमंत्री रहे।
पिता की थी तमन्ना बेटा थानेदार बने
-झारखंड के अति पिछड़े गांव के रूप में जाना जाता है पट्टाहाटू। यहीं पर मधु कोड़ा का जन्म हुआ था।
-पिता रसिक के पास एक एकड़ का खेत था। खदान में मजदूरी किया करते थे। उनकी तमन्ना थी कि बेटा पढ़ लिखकर थानेदार बन जाए।
-मधु कोड़ा के दिमाग में तो कुछ और ही चल रहा था। चाइबासा में प्राइमरी शिक्षा ली। पत्राचार से स्नातक हुए। वह फिर आरएसएस तथा ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन में रहे।
-इसी दौरान कोड़ा उस वक्त भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी के संपर्क में आकर राजनीति करने लगे। भाजपा ने टिकट नहीं दिया तो निर्दलीय चुनाव लड़े और जीत गए।
-कमलेश सिंह, एनोस एक्का और हरिनारायण राय (तीन निर्दलीय) के साथ मिलकर उन्होंने सरकार बनाईं और गिराईं।
- 2000 में जगन्नाथपुर सीट से जीते। मरांडी सरकार में पंचायत मंत्री बने। 2006 में कोड़ा और तीन निर्दलीयों ने अर्जुन मुंडा की सरकार को गिरा दिया और मधु कोड़ा खुद मुख्यमंत्री बन गए।


Post a Comment