गहनों का बॉक्स देख दुल्हन का शादी से इनकार, हो चुकी थी जयमाल की रस्म
यूपी की राजधानी में जयमाल होने के बाद लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया। साथ ही लड़की के पिता की तहरीर पर वर पक्ष के लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को हिरासत में भी ले लिया गया है।
- मामला लखनऊ के गोसाईंगंज इलाके का है। यहां रहने वाली संगीता (बदला नाम) की शादी इटावा के राहुल गुप्ता से तय हुई थी। वर पक्ष ने दहेज में 10 लाख रुपए की मांग की थी।
- संगीता ने बताया- 22 जून को तिलक समारोह हुआ था, जिसमें पापा ने 5 लाख रुपए का चेक दिया था। उसके बाद से राेज बाकी पैसों के लिए फोन आ रहा था।
- 1 जुलाई को राहुल बरात लेकर आया। द्ववारपूजा और उसके बाद जयमाल की रस्म धूमधाम से हुई। लेकिन जब मंडप में जाने का समय आया तो राहुल के पिता ने उसे रोक लिया और बाकी के पैसे देने की बात कही। उन्होंने कहा- जब तक बाकी की रकम नहीं मिल जाती तब तक आगे की रस्म नहीं होगी।
- मेरे पिता एक लाख नकद तुरंत देने को तैयार थे, लेकिन वो नहीं माने। वर पक्ष ने बरात वापस ले जाने की धमकी दे दी। मैं मंडप में बैठी इंतजार करती रही लेकिन राहुल नहीं आया। मेरे पिता उनके सामने मिन्नते करते रहे। लेकिन वो अपनी पैसों की बात पर अड़े थे।
- वर पक्ष की सच्चाई तो गहनों के बॉक्स खुलने के बाद पता चली। वो असली बॉक्स में नकली जेवर लेकर आए थे, जिसे देखते ही पहचान कर ली गई। वर पक्ष का धोखा और पिता की बेइज्जती मुझसे बर्दाश्त नहीं हुई, मैंने खुद शादी करने से मना कर दिया।
- पापा ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के समझाने के बाद भी वर पक्ष अपनी गलती मानने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद पापा ने राहुल और उसके पिता के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस का क्या है कहना
गोसाईंगंज थानाध्यक्ष बलवंत साही ने बताया- लड़की के पिता की तहरीर पर दहेज एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया गया है।


Post a Comment