6 दिन की बेटी को बिलखता छोड़ 6 लोगों की जिंदगी संवार गई अनामिका
प्यारी बेटी को जन्म देने के छः दिन बाद उसकी मां उसे तो बिलखता हुआ छोड़ गई लेकिन छः अन्य लोगों की जिंदगी संवार गई। ये मार्मिक दास्तां मंडलेश्वर की रहने वाली अनामिका जैन की है। धामनोद में प्रसव के बाद तबियत बिगड़ने पर उन्हें इंदौर रेफर किया गया था। शनिवार रात ब्रेन डेड घोषित करने के बाद परिजनों ने उनका लीवर, किडनी,त्वचा और आंखे डोनेट कर दी। उनके ये अंग छः लोगों को लगाए जाएंगे...
अंगदान के लिए पूरे देश को राह दिखाने वाले इंदौर में रविवार को एक जैन परिवार ने इंसानियत की एक अनूठी मिसाल पेश की। मंडलेश्वर की अनामिका जैन को प्रसूति के बाद तबियत बिगड़ने के कारण मंगलवार को यहां भर्ती किया गया था। बेटी को जन्म देने के बाद उन्हें हाइपर टेंशन हो गया था।
- छः दिन तक डाक्टर्स ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की। इस दौरान उन्हें करीब 40 बोतल खून भी चढ़ाया गया लेकिन शनिवार को डाक्टर्स की उम्मीदों ने दम तोड़ दिया। शनिवार शाम डाक्टर्स ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। डाक्टर्स ने जब ये बात अनामिका के पति जितेन्द्र और अन्य परिजनों को बताई तो उन्होंने अनामिका के अंगदान करने की इच्छा जताई। इस पर डाक्टर्स ने तत्काल प्रशासन और मुस्कान ग्रुप से संपर्क किया।
6 परिवारों को दी खुशियों की सौगात...
- अनामिका की फिजीकल कंडीशन को देखते हुए डाक्टर्स ने उनकी दोनों किडनियां, त्वचा, लीवर और आंखे डोनेट करने की बात कही थी। डॉ सुनील जैन ने बताया कि क्रिटिकल कंडीशन के कारण अनामिका का हार्ट पूरी एफ़िशिएन्सी से काम नहीं कर रहा था इसलिए हार्ट डोनेट नहीं किया गया।
- मुस्कान ग्रुप के संदीपन आर्य ने इंदौर सोसाइटी फॉर ऑर्गन डोनेशन के माध्यम से अनामिका के ब्लड ग्रुप के आधार पर जरुरतमंदों से संपर्क कर अंगदान की प्रोसेस को आगे बढाया और ऑर्गन डोनेशन के लिए ग्रीन कोरीडोर बनाया गया। आर्य ने बताया कि कोरीडोर के जरिये उनकी किडनी ट्रांसप्लांट के लिए भेजी गई।
-अनामिका के आर्गंस 6 लोगों को लगाए गए| इस अपनी नवजात बेटी को बिलखता छोड़ने वाली अनामिका छः परिवारों को खुशियों की ऐसी सौगात दे गई जिन्हें वो कभी भुला नहीं पाएंगे।
- उनका लीवर उसी अस्पताल में भर्ती एक मरीज को लगाया गया। मरीज के बुजुर्ग पिता ने जब उनकी नवजात बेटी को देखा तो वो भी रो पड़े और बार-बार अनामिका को श्रद्धांजलि देने लगे।
छः लोगों में ज़िंदा रहेगी अनामिका....
- अनामिका के पति जितेन्द्र कुछ कहने की स्थिति में नहीं थे। रुंधे हुए गले से उन्होंने बताया कि 4 साल पहले हमको बेटा हुआ था। उसके बाद भगवान से बेटी मांगता था। भगवान ने बेटी तो दे दी लेकिन अनामिका को छीन लिया, वह अपनी बेटी को छोड़ गई लेकिन छः लोगों को जिन्दगी दे गई। मुझे बस बात का संतोष है कि इन छः लोगों में वह ज़िंदा रहेगी।


Post a Comment