32 लाख लोग ही 10 लाख से ज्यादा कमाते हैं? C A से मोदी के 10 सवाल
यहां इंदिरा गांधी स्टेडियम में 68th चार्टर्ड अकाउंटेंट डे के मौके पर नरेंद्र मोदी ने C A से पूछा कि क्या देश में केवल 32 लाख लोग ही ऐसे हैं, जिनकी इनकम 10 लाख से ज्यादा है? मोदी ने कहा, "हर साल 2 करोड़ लोग विदेश घूमने जाते हैं, करोड़ों गाड़ियां खरीदी जाती हैं, फिर भी ऐसा आंकड़ा... ये चिंता का विषय है।" इससे पहले अरुण जेटली ने इस प्रोग्राम में कहा, "देश को विकसित बनाने के लिए देश के लोगों को टैक्स देना होगा। टैक्स ना देना किसी का मौलिक अधिकार नहीं है।" मोदी ने C A से पूछे 10 सवाल...
1) नोटबंदी के दौरान C A छुट्टियों से वापस आए, मुझे मालूम नहीं है कि वापसी के बाद आपने क्या काम किया?
2) डिमोनेटाइजेश के दौरान वापसी के बाद आपने सही किया या गलत किया?
3) आपने जो काम किया, वो देश के लिए किया या क्लाइंट के लिए किया?
4) नोटबंदी के बाद कोई तो होगा, जिसने इन कंपनियों की मदद की होगी?
5) ऐसा क्या है कि 11 साल में सिर्फ 25 C A पर कार्रवाई हुई है? मैंने सुना है कि आपके यहां 1400 से ज्यादा मामले लटके हैं?
6) देश के नौजवानों के भविष्य के लिए क्या करेंगे?
7) क्या देश को पारदर्शी, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था देने में मदद नहीं करेंगे क्या?
8) आपने कितने लोगों को हिसाब-किताब देने से बचाया?
9) ये हिसाब किताब नहीं होगा कि इतने लोगों को ईमानदारी से टैक्स देने के लिए प्रेरित किया?
10) लोगों को ईमानदारी से टैक्स देने की धारा में कैसे लाएंगे?
मोदी ने गिनाए ये 5 आंकड़े
1) 2.18 करोड़: इतने लोग हर साल विदेश घूमने फिरने जाते हैं।
2) 32 लाख: इतने लोग ही हैं, जो इनकम 10 लाख से ज्यादा बताते हैं।
3) 3 लाख: इस आंकड़े से ज्यादा ऐसी रजिस्टर्ड कंपनियां सामने आई हैं, जिनका लेन-देन शक के घेरे में है। उन पर सवालिया निशान है।
4) 1 लाख: कंपनियों को 30 जून से पहले हमने काला बता दिया। रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज ने नाम हटा दिया।
5) 37 हजार:इससे ज्यादा शेल कंपनियों की पहचान की है। ये कालाधन छुपाती थीं, हवाला कारोबार करती थीं।
CAs से मोदी की 5 उम्मीदें
1) आर्थिक एकीकरण में भूमिका
- मोदी बोले, "1947 में स्वतंत्रता के बाद देश की राजनीतिक एकीकरण के बाद अब आज आर्थिक एकत्रीकरण की यात्रा शुरू हो रही है। ये देश आपका है, आपकी संतानों का है इसलिए इस नए दौर का नेतृत्व आज आप लोग इस आर्थिक विकास की यात्रा का नेतृत्व करिए।"
2) क्लाइंट्स को ईमानदार बनाइए
- "काले धन को खत्म करने के लिए, भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए अपने क्लाइंट्स को ईमानदारी के रास्ते पर ले जाने के लिए आपको कमान संभालनी होगी। आप लोगों के पास जाकर उन्हें जागरूक करिए, ईमानदारी की धारा में आने के लिए प्रेरित करिए।"
3) सवा सौ करोड़ का भरोसा मत टूटने दीजिए
- "मेरा आपसे निवेदन है कि आपके सिग्नेचर पर हिंदुस्तान के सवा सौ करोड़ नागरिकों का जो भरोसा है, उस भरोसे को टूटने मत दीजिए, खंरोच मत आने दीजिए। अगर मन में ये महसूस करते हैं कि भरोसा टूटा है तो इसे फिर से बनाने के लिए पहल करिए।"
4) ठान लीजिए कि कोई टैक्स चोरी नहीं करेगा
- "देश के गरीबों को उनके अधिकार दिलाने में मदद करना, इससे बड़ी सेवा क्या हो सकती है। आपका एक हस्ताक्षर देश के गरीबों की कितनी मदद कर सकता है, इसकी आपने भी कल्पना नहीं की होगी। सामान्य आदमी के सपने पूरे करने में आपकी बहुत बड़ी भूमिकाहै। जब आप ठान लेंगे तो 1 जुलाई 2017 आपके जीवन का टर्निंग प्वाइंट बन जाएगा। एक बार आप ठान लेंगे तो मैं विश्वास से कह सकता हूं कि टैक्स चोरी करने की हिम्मत कोई नहीं कर पाएगा।"
5) बिग 4 को, बिग 8 में बदल दीजिए
- मोदी ने कहा, "साथियों, मेरे मन में एक और अपेक्षा है और ये अपेक्षा इसलिए है कि आपमें उसे पूरा करने की ताकत है। क्यों आप पीछे हैं, मुझे समझ में नहीं आता। दुनिया में 4 बड़ी ऑडिट संस्थाएं है, जो प्रतिष्ठित हैं। इन कंपनियों को बिग 4 कहा जाता है। इन बिग 4 में हम कहीं नहीं हैं। आपमें क्षमता भी है और योग्यता की कोई कमी नहीं है। विश्व के अंदर हिंदुस्तान को अपना नाम रोशन करना है तो 2022 तक आप बिग 4 को बिग 8 में बदल देंगे। उसमें से बिग 4 जो मेरे सामने बैठे हैं, वही होंगे। हमारा ये सपना होना चाहिए।"


Post a Comment