Header Ads

आग जलाकर कोबरा सांप को दी गर्मी, ठंड में कुछ ऐसा था जहरीले नाग का हाल


हाड़ कंपाती ठंड से इंसान ही नहीं जानवर भी बेहाल हैं। अन्य दिनों में छिपकर रहने वाले विषैले सांप ठंड के चलते बाहर आ रहे हैं। शुक्रवार को बिहार के दरभंगा के सेनापत मोहल्ले में ऐसा ही हुआ।

पुराने घर के एक कोने में बड़े कोबरा सांप को देख अफरा-तफरी मच गई। लोग घर छोड़कर बाहर आ गए। सांप देखे जाने की सूचना पाकर चंद मिनटों में लोगों की भीड़ जुट गई। लोग दूर से सांप को देख रहे थे, लेकिन कोई उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा रहा है। ठंड के चलते सांप सुस्त पड़ा था। वह लोगों के जुटने के बाद भी भाग नहीं रहा था।


सूचना मिलने पर सपेरा भी आ गया। सपेरे ने सांप को पकड़ लिया। ठंड के चलते वह सुस्त था। सांप को गर्मी देने के लिए सपेरे ने पहले अलाव जलाया फिर सांप को आग की सेक दी। कुछ मिनट तक आग के पास रखने से सांप के शरीर में गर्मी आई। इसके बाद सपेरे ने सांप को एक डिब्बे में बंद कर दिया और उसे अपने साथ ले गया। सांप के पकड़े जाने पर वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।