खतरनाक सांप खा रहा था अजगर को, सपेरों ने देखा तो रह गए हैरान
शायद आप यह सुनकर चौंक जाएं कि एक खतरनाक सांप तकरीबन अपने ही बराबर अजगर को खा रहा था. यूं तो लोग इस खबर को सुनकर ही हैरान हो जाएंगे लेकिन जब सपेरों ने इसे देखा तो भी दंग रह गए.
यह मामला ऑस्ट्रेलिया के पश्चिमी ब्रिसबेन में गूडना के इप्सविच का है. जहां सोमवार दोपहर को एक घर में एक सांप दूसरे सांप को खा रहा था. इसे देखकर घरवालों ने सांप पकड़ने वाले एक जोड़े को बुलाया. एनएंडएस स्नेककैचिंग वाले सपेरे सैली और नॉर्मैन हिल वहां पहुंचे.
नॉर्मैन ने कहा, "हमनें आज से पहले ऐसा दृश्य कभी नहीं देखा था, यह एक ऐसी दुर्लभ घटना है जिसेे कोई शायद ही कोई सपेरा देखता हो. हमनें हमेशा पुरानी कहावत सुनी है, 'अगर आपने एक कारपेट पाइथन (ऑस्ट्रेलिया में पाए जाने वाले एक प्रकार के अजगर) देख लिया है तो आप ब्राउन स्नेक नहीं पा सकते', इसका मतलब कि यह एक मिथक है."
उन्होंने कहा कि वे उस घर में कुछ घंटों तक रहे जब तक उस ब्राउन स्नेक ने अपने शिकार (कारपेट पाइथन) को खत्म नहीं कर लिया.
सैली कहती हैं, "हमनें इसके बाद उस सांप को झोले में डाल लिया, क्योंकि अगर उसे परेशान करते तो वो अपने शिकार को उलटी करके निकाल देता."
सामान्यता ब्राउन स्नेक चूहे, मेढ़क, छिपकली जैसे छोटे जीवों को अपना शिकार बनाते हैं, लेकिन वे कभी-कभार दूसरे सांपों यहां तक की ब्राउन स्नेक को भी चट कर जाते हैं.
सैली के मुताबिक यह घटना पिछले कुछ सालों में बढ़े ब्राउन स्नेक की तादाद का नतीजा है, जिसके परिणामस्वरूप इन सांपों को अपना पेट भरने के लिए काफी कड़ी मशक्कत करने के साथ प्रतिस्पर्धा करनी पड़ती है. वो कहती हैं, "हमनें यह काम 2015 में शुरू किया था, इसलिए हमें अच्छी तरह पता है कि जब से हम यह कर रहे हैं तब से इनके मामले दोगुने हो चुके हैं."
इससे पहले रविवार दोपहर को एक बड़े अजगर की तस्वीर काफी वायरल हुई थी जो केयर्न्स के पास एक पूर्णतया विकसित ऑस्ट्रेलियाई वॉल्लबे (एक प्रकार का छोटा कंगारू) को निगल रहा था.


Post a Comment