कार में बच्चे को दूध पिला रही थी महिला, क्रेन से उठा ले गई ट्रैफिक पुलिस
मलाड इलाके में सड़क किनारे खड़ी एक कार को ट्रैफिक पुलिसवाले उठा कर ले गए। कार की पिछली सीट पर एक महिला अपने बच्चे को दूध पिला रही थी। ट्रैफिक पुलिसवालों का कहना था कि कार सड़क पर गलत ढंग से पार्क की गई थी। उन्होंने कार को क्रेन से उठा लिया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला और आसपास के लोग पुलिस वालों को आवाज लगा रहे थे। लेकिन, उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की। मुंबई के ज्वाइंट कमिश्नर ने ट्रैफिक पुलिस को इस घटना की जांच कर कल तक रिपोर्ट देने को कहा है।
घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। मलाड की एसवी रोड पर एक महिला अपने 7 महीने के बच्चे के साथ अपनी कार में बैठी हुई थी। वह बच्चे को दूध पिला रही थी, तभी ट्रैफिक पुलिसवाले आए और कार को क्रेन से उठाकर जाने लगे। पुलिस के मुताबिक कार सड़क पर गलत ढंग से पार्क की गई थी।
- कार के अंदर से महिला और आसपास के लोग पुलिसवालों को आवाज लगा रहे थे, लेकिन उन्होंने इसे अनसुना कर दिया।
एक शख्स ने इस घटना का वीडियो तैयार किया। इस शख्स ने बार-बार कार में महिला और बच्चे के होने की बात ट्रैफिक कॉन्स्टेबल से कही। लेकिन, उसने अनसुनी कर दी।
- वीडियो बनाने वाला शख्स ये कहते हुए सुनाई दे रहा है कि वो (महिला) फाइन भरने के लिए तैयार है। अगर बच्चा मर गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा।
- घटना का वीडियो सामने आने के बाद डीसीपी ट्रैफिक ने जांच का आदेश दे दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर यह वीडियो सही है तो दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
- ट्रैफिक डिपार्टमेंट के जॉइंट सीपी अमितेश कुमार ने कहा,"शुरुआती तौर पर इस वीडियो को देख ऐसा लग रहा है कि महिला और उसे बच्चे की लाइफ को मुसीबत में डाला गया। आगे की इन्क्वायरी जारी है। कांस्टेबल को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है। उसपर डिपार्टमेंटल एक्शन जांच रिपोर्ट आने के बाद लिया जाएगा।"

Post a Comment