सनी देओल की मां का इकलौता इंटरव्यू: जब धर्मेंद्र ने दिया धोखा तो कहा था ये
जब 4 बच्चों के पिता धर्मेंद्र ने की हेमा से शादी, तब ऐसा था 1st Wife का Reaction.
सनी देओल 61 साल के हो गए हैं। वे धर्मेंद्र और उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर के बेटे हैं। वैसे तो सनी देओल की मां यानी प्रकाश कौर लाइमलाइट से दूर रहती हैं। लेकिन जब धर्मेंद्र ने धर्म बदलकर हेमा मालिनी से लव मैरिज की, तब उन्होंने एक इंटरव्यू दिया था और इस शादी पर खुलकर अपनी राय रखी थी। हालांकि, पूरे इंटरव्यू में वे धर्मेंद्र का बचाव करती नजर आई थीं। डालते हैं उनके इकलौते इंटरव्यू पर एक नजर।
- धर्मेंद्र ने प्रकाश से 1954 में 19 साल की उम्र में अरेंज मैरिज की थी। कपल के चार बच्चे अजय सिंह (सनी), विजय सिंह (बॉबी), विजेता और अजेता देओल हुए।
- धर्मेंद्र की दूसरी शादी के बाद कई तरह की खबरें मीडिया में आईं। यहां तक कहा जा रहा था कि सनी देओल ने हेमा मालिनी पर चाकू से हमला कर दिया था। हालांकि, जब इसे लेकर प्रकाश कौर से बात की गई तो उन्होंने अपने पति का बचाव किया और कहा कि वे भले ही एक अच्छे पति न हों, लेकिन एक अच्छे पिता जरूर हैं।
- यह सब प्रकाश ने 1981 में पॉपुलर मैगजीन 'स्टारडस्ट' को दिए इंटरव्यू में कहा था। बता दें कि यह उनकी अब तक की लाइफ का एकमात्र इंटरव्यू है, जिसमें उन्होंने धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की शादी को लेकर बात की।
इंटरव्यू के लिए तैयार नहीं थीं प्रकाश
- मैगजीन में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रकाश कौर का इंटरव्यू इतना आसान नहीं था। वे न तो फोन पर किसी से बात करती थीं और न ही घर पर किसी से मिलती थीं।
- रिपोर्टर रोज उनके घर के चक्कर काटा करते थे, लेकिन उसे किसी न किसी बहाने से वापस लौटा दिया जाता था। कभी कह दिया जाता था कि प्रकाश घर पर नहीं हैं तो कभी उनके स्लीपिंग टाइम का हवाला दिया जाता था। खैर, मेहनत रंग लाई और एक दिन रिपोर्टर की प्रकाश से मुलाकात हो गई।
- इंटरव्यू के दौरान प्रकाश ने कहा कि धर्मेंद्र उनकी लाइफ में आने वाले पहले और आखिरी शख्स हैं। उन्होंने कहा, " वे मेरे बच्चों के पिता हैं। मैं उन्हें बहुत प्यार करती हूं और उनका सम्मान करती हूं। जो हो रहा है सो हो रहा है। मैं नहीं जानती कि मुझे उन्हें दोषी ठहराना चाहिए या अपनी तकदीर को। मैं एक बात जानती हूं कि वे मुझसे कितने भी दूर चले जाएं, लेकिन जब भी मुझे उनकी जरूरत होगी, वो मेरे साथ होंगे। मैंने उनपर अपना विश्वास नहीं खोया है। कुछ भी हो, हैं तो वे मेरे बच्चों के पिता ही।"
- प्रकाश कौर ने इंटरव्यू के दौरान कहा कि धर्मेंद्र भले ही एक अच्छे पति न हों, लेकिन एक अच्छे पिता जरूर हैं। उनके अनुसार, "उनके बच्चे उन्हें बहुत प्यार करते हैं। वे भी उन्हें कभी नजरअंदाज नहीं करते। वे अजय (सनी) को लॉन्च भी कर रहे हैं। सब सोचते हैं कि मैंने उनसे (धर्मेंद्र) से डील की है कि यदि वे मेरे बेटे के करियर को लॉन्च करेंगे तो ही हेमा से शादी कर सकते हैं। यह सही नहीं है। ऐसा कैसे हो सकता है। क्या सनी उनका बेटा नहीं है, सिर्फ मेरा है? वे उससे उतना ही प्यार करते हैं, जितना मैं करती हूं।"
- जब प्रकाश से यह सवाल किया गया तो उन्होंने कहा "यह सही नहीं है। हर बच्चा चाहता है कि उसके पापा उसकी मां को ही सबसे ज्यादा प्यार करें। इसका मतलब यह नहीं है कि वह उस दूसरी औरत को मार देगा, जो उसके पिता को प्यार करती है। मैं ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं हूं, लेकिन अपने बच्चों की नजरों में दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला हूं। मैंने अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दिए हैं और मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि वे कभी किसी को नुकसान नहीं पहुंचा सकते।"
- प्रकाश के अनुसार, वे नहीं जानती कि उनके और धर्मेंद्र के रिलेशनशिप को लेकर लोग क्या कहते हैं। उन्होंने इंटरव्यू के दौरान कहा, "मैं जानती हूं कि वे हम सभी का बहुत ख्याल रखते हैं। रोज शाम को घर आते हैं और बच्चों के साथ वक्त बिताते हैं।" इस दौरान प्रकाश के दिल में हेमा के प्रति सहानुभूति और शिकायत दोनों नजर आईं। उन्होंने कहा, "मैं जानती हूं कि हेमा को भी दुनियादारी का सामना करना पड़ रहा होगा। दोस्तों का, रिश्तेदारों का। एक औरत होने के नाते मैं उनकी फीलिंग समझ सकती हूं, लेकिन यदि मैं हेमा की जगह होती तो वह कभी नहीं करती, जो उन्होंने किया। एक मां और पत्नी के तौर पर मैं उन्हें अप्रूव नहीं कर सकती।" धर्मेंद्र पर हो रही बयानबाजी पर प्रकाश झल्ला उठीं। उन्होंने कहा, "क्यों मेरे पति को लेकर ही बयानबाजी हो रही है। आधी इंडस्ट्री यही कर रही है। ज्यादातर हीरोज के अफेयर हो रहे हैं और वे दूसरी बार शादी कर रहे हैं। आप सभी उनसे सवाल-जवाब क्यों नहीं करते। मेरा इंटरव्यू लेने क्यों आए।"


Post a Comment