‘पद्मावती’ की रंगोली खराब करने के मामले में 5 गिरफ्तार, दीपिका पादुकोण ने किया था Tweet
रंगोली को कथित तौर पर बिगाड़ने के आरोप में करणी सेना के चार और विहिप के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है.
गुजरात के सूरत में स्थित एक मॉल में ‘पद्मावती’ फिल्म से प्रेरित एक रंगोली को कथित तौर पर बिगाड़ने के आरोप में करणी सेना के चार और विहिप के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने 16 अक्टूबर को उमरा इलाके में स्थित मॉल में स्थानीय कलाकारों द्वारा बनाई गई रंगोली को पिछले रविवार को बिगाड़ने के आरोप में लोगों के समूह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी.
वीडियो के आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया. वीडियो में वह ‘जय श्रीराम’ के नारे लगा रहे थे और रंगोली को बिगाड़ रहे थे. सूरत के पुलिस आयुक्त ने पत्रकारों से बात करते हुए मॉल मालिकों से आग्रह किया है कि अगर ऐसा मामला हुआ है, तो मामला दर्ज कराने के लिए आगे आएं. शर्मा ने कहा कि हमने पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें चार करणी सेना और एक विहिप का है, साथ ही और व्यक्तियों की गिरफ्तारी हो सकती है क्योंकि वीडियो में आठ-दस युवक घटना में शामिल दिख रहे हैं.
गौरतलब है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने 18 अक्टूबर को इस मामले में केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी को टैग करते हुए लिखा था, 'ये अब बंद होना चाहिए, सख्त कार्रवाई की जरूरत है
इससे पहले दीपिका ने मिटाए गए रंगोली की तस्वीरों को शेयर करते हुए ट्वीट किया है, 'ये कौन लोग हैं? इनकी इस हरकत के लिए कौन जिम्मेदार है? हम कब तक ये सब नजरअंदाज करते रहेंगे?'
इसके अलावा भी दीपिका ने दो और ट्वीट्स किए थे, जो इस प्रकार हैं-
सूरत के मॉल में इस रंगोली को करण नाम के कलाकार ने बनाया था. करीब 48 घंटे की मेहनत के बाद पद्मावती की रंगोली बनकर तैयार हो पाई थी. न्यूज एजेंसी की ओर से जारी वीडियो में दिख रह है कि कुछ लोग मॉल के अंदर पैरों से रंगोली को मिटा रहे हैं.
गौरतलब है कि फिल्म 'पद्मावती' शूटिंग के समय से ही विवादों में है. राजस्थान में लगाए गए सेट को राजपूत करणी सेना के कुछ लोगों ने आग के हवाले कर दिया था. इस दौरान फिल्म के निर्माता संजय लीला भंसाली के साथ मारपीट भी हुई थी. इसके अलावा संजय लीला भंसाली के पुतले भी जलाए जा चुके हैं. यह फिल्म इसी साल दिसंबर में रिलीज होगी. इस फिल्म में रणवीर सिंह, शाहिद कपूर और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में हैं.


Post a Comment