Header Ads

खुद को कहती थी एयरफोर्स अफसर की वाइफ, 10 साल बाद सामने आया ये सच


एयरफोर्स अफसर बताकर एक युवक ने युवती से मैरिज की और फिर जब सच्चाई सामने आई तो वह मारपीट करने लगा।

दस साल पहले एक युवक ने युवती को एयरफोर्स अफसर बताकर उससे शादी की। शादी के बाद युवक रोज एयरफोर्स की ड्रेस पहनकर निकलता और शाम को घर आ जाता।

एक साल पहले युवती के ससुर का निधन हुआ तो उसके पति पर जिम्मेदारी आई तो पोल खुल गई। युवक ने कभी भी एयरफोर्स में नौकरी ही नहीं की, बल्कि उसने एक और दूसरी युवती से भी शादी कर ली थी। यह है मामला.....

-बहोड़ापुर इलाके में रहने वाली मोनिका सोनी की मुलाकात 10 साल पहले प्रशांत जोशी नाम के युवक से हुई। प्रशांत ने मोनिका को बताया वह ग्वालियर के महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन में अफसर है।


-मोनिका को प्रशांत पर यकीन हो गया। बाद में ये दोस्ती शादी में बदल गई। हालांकि मोनिका के परिजनों ने शादी का विरोध किया था, लेकिन लड़की की इच्छा देखकर शादी के लिए तैयार हो गए।

-शादी के बाद दोनों माधौगंज इलाके में रहने आ गए। यहां प्रशांत अपने पिता के साथ रहता था। प्रशांत डेली एयरफोर्स की वर्दी पहनकर घर से निकलता था और शाम को घर आता था।

ससुर के निधन के बाद सच्चाई आई सामने

-एक साल पहले प्रशांत के पिता का निधन हो गया। इसके बाद घर खर्च के लिए आर्थिक तंगी होने लगी। मोनिका ने प्रशांत से कहा तो वह नाराज होने लगा। मोनिका को मालूम हुआ कि प्रशांत अपने पिता से खर्च के लिए रुपए लेता था।

-एक दिन मोनिका एयरफोर्स स्टेशन पहुंच गई। वहां जो जानकारी मिली, उसको सुनकर तो मोनिका के होश उड़ गए। महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन पर बताया गया कि प्रशांत नाम का कोई भी व्यक्ति यहां काम नहीं करता है।

पति से पूछा तो हुई पिटाई

-मोनिका समझ गई कि उसके साथ धोखा हुआ है। उसने घर आकर प्रशांत से बात की तो उसके साथ वह मारपीट करने लगा। इसके बाद भी मोनिका ने कुछ नहीं कहा। कुछ दिन पहले मोनिका को पता चला कि प्रशांत ने उसके अलावा एक और लड़की से शादी कर ली है।

-उसने तुरंत प्रशांत का घर छोड़ा और वापस अपने पिता के पास रहने पहुंच गई। अब उसने इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। मोनिका का कहना है कि प्रशांत ने उसके साथ धोखा किया है और वह उस पर कड़ी कार्रवाई चाहती है।

-एसपी ने भी मामला महिला थाने को सौंप दिया है। महिला थाना प्रभारी अनीता मिश्रा का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल प्रशांत को खोजा जा रहा है।