Header Ads

आयशा जुल्का से मंदाकिनी तक, जब अचानक बॉलीवुड छोड़ गईं ये हीरोइनें


90's की पॉपुलर एक्ट्रेस आयशा जुल्का 45 साल की हो चुकी हैं। आयशा का जन्म 28 जुलाई, 1972 को श्रीनगर में हुआ था। उन्होंने 11 साल की उम्र में फिल्म 'कैसे कैसे लोग' (1983) से अपना करियर शुरू किया। 2010 तक फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली आयशा ने अपने 27 साल के करियर में करीब 52 फिल्मों में काम किया। हालांकि आयशा ने करियर के पीक पर पहुंचकर बॉलीवुड को अलविदा कह दिया था। करियर के पीक पर पहुंचकर फिल्मों को कहा गुडबॉय...

- आयशा जुल्का ने करियर के पीक पर पहुंचकर बॉलीवुड को अलविदा कह दिया था। आयशा के मुताबिक, करियर खत्म करने के लिए फिल्मों के फ्लॉप होने का इंतजार करने से बेहतर है सही समय पर आगे बढ़ जाना। आयशा ने साल 2003 में बिजनेसमैन समीर वाशी से शादी की। दोनों की एक बेटी भी है। 11 साल की उम्र में डेब्यू करने वाली आयशा ने 'खिलाड़ी', 'जो जीता वही सिकंदर', 'बलमा', 'रंग' और 'वक्त हमारा है' जैसी कामयाब फिल्में दी। उन्होंने आमिर, सलमान, अक्षय और कमल हासन जैसे कई सुपरस्टार्स के साथ काम किया है।

वैसे, इंडस्ट्री में ऐसी कई एक्ट्रेसेस रही हैं जिन्होंने अचानक ही बॉलीवुड को अलविदा कह दिया। इस पैकेज में हम बता रहे हैं कुछ ऐसी ही एक्ट्रेसेस के बारे में।

एक्टिंग छोड़ योगा टीचर बनीं मंदाकिनी...

राज कपूर के डायरेक्शन में बनी 'राम तेरी गंगा मैली' में मंदाकिनी ने अहम किरदार निभाया था। इस फिल्म ने उनके करियर को नया मुकाम दिया था। मंदाकिनी ने कामयाब होने के लिए इस फिल्म में कुछ ऐसे सीन्स दिए, जो आज भी पॉपुलर हैं। उन्होंने बोल्ड सीन्स देने से परहेज नहीं किया, शायद यही वजह रही कि उनका फिल्मी करियर रफ्तार के साथ आगे बढ़ गया था। 1985 में फिल्म 'मेरा साथी' से शुरू हुआ मंदाकिनी का करियर 1996 में 'जोरदार' के साथ खत्म हो गया। 80 के दशक में दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली मंदाकिनी इन दिनों तिब्बतन योगा की क्लासेस चलाती हैं और वे दलाई लामा की फॉलोअर भी हैं।

भाग्यश्री

सलमान खान के साथ फिल्म 'मैंने प्यार किया' से डेब्यू करने वाली भाग्यश्री ने महज 19 साल की उम्र में फिल्मों को अलविदा कह, शादी कर ली थी। 'मैंने प्यार किया' के बाद उन्होंने त्यागी (1992), पायल (1992), घर आया मेरा परदेसी (1993) जैसी फिल्मों में काम किया, जो फ्लॉप साबित हुईं।

सायरा बानो

बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा सायरा बानो ने शादी के बाद एक्टिंग को अलविदा कहा था। सायरा ने महज 22 साल की उम्र में बॉलीवुड सुपरस्टार दिलीप कुमार से शादी की थी। सायरा ने 'जंगली', 'आई मिलन की बेला', 'दूर की आवाज' जैसी प्रमुख फिल्मों में काम किया है।

मीनाक्षी शेषाद्रि

मीनाक्षी ने करियर के पीक पर पहुंचकर बैंकर हरीश मैसूर से शादी की और अमेरिका जाकर बस गईं। जैकी श्रॉफ, ऋषि कपूर और सनी देओल जैसे टॉप स्टार्स के साथ काम करने वाली मीनाक्षी ने 'मेरी जंग’, ‘घर हो तो ऐसा’, ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी कई हिट फिल्में दी हैं। फिलहाल वो अपनी बेटी केंद्रा और बेटे जोश की परवरिश में बिजी हैं और टेक्सास में डांस क्लास भी चलाती हैं।

बबिता

अपने जमाने की मशहूर फिल्म एक्ट्रेस बबिता शिवदासानी का फिल्मी करियर छोटा, लेकिन सफल रहा। उन्होंने करियर के चरम पर फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया था। रणधीर कपूर से शादी करने से पहले बबिता हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा बन चुकी थीं, लेकिन शादी के लिए उन्हें फिल्मी पर्दे से दूर होना पड़ा। अपने प्यार को पाने के लिए बबिता ने फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला लिया और रणधीर के साथ सात फेरे ले लिए। हालांकि, ये शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चली और बबिता अपनी दोनों बेटियों करिश्मा और करीना को लेकर रणधीर से अलग रहने लगीं। बता दें, अपने छोटे-से फिल्मी करियर में बबिता ने 'हसीना मान जाएगी', 'फर्ज' और 'किस्मत' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं।

ट्विंकल खन्ना

1995 में आई फिल्म 'बरसात' से करियर की शुरुआत करने वाली ट्विंकल ने 'जान', 'जब प्यार किसी से होता है', 'मेला', 'जोरू का गुलाम' और 'जोड़ी नंबर 1' जैसी कई फिल्में कीं। साल 2001 में रिलीज हुई 'लव के लिए कुछ भी करेगा' उनकी आखिरी फिल्म थी। अक्षय कुमार से शादी के बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी। फिलहाल वो दोनों बच्चों आरव और नितारा की परवरिश में बिजी हैं। वो इंटीरियर डेकोरेटर हैं और ब्लॉग्स भी लिखती हैं। ट्विंकल अपनी बुक भी ला चुकी हैं।

किमी काटकर

‘जुम्मा चुम्मा' गाने से पॉपुलर हुई किमी काटकर की इमेज बोल्ड एक्ट्रेस की रही। 1985 में बनी 'टार्जन' किमी की पहली फिल्म थी। इसके पहले वे फिल्म 'पत्थर दिल' में सपोर्टिंग एक्ट्रेस के रूप में दिखी थी। उन्होंने 'वर्दी', 'मर्द की जुबान', 'मेरा लहू', 'दरिया दिल' और 'गैर कानूनी' जैसी कई फिल्मों में काम किया। सेलेब्रिटी फोटोग्राफर शांतनु शौरी से शादी करने के बाद उन्होंने फिल्म लाइन छोड़ दी। उनका एक बेटा सिद्धार्थ है।

नीतू कपूर

नीतू कपूर बचपन से ही फिल्मों में लीड रोल निभा रही थीं। उन्होंने ऋषि कपूर को 14 साल की उम्र से डेट करना शुरू कर दिया था। नीतू ने 21 साल की उम्र में ऋषि से शादी की और इसके बाद फिल्मों से किनारा कर लिया। हालांकि, बाद में 'बेशर्म', 'दो दूनी चार' जैसी फिल्मों में नीतू ने छोटे किरदार निभाए।

गायत्री जोशी

कई टीवी कमर्शियल्स के बाद गायत्री शाहरुख खान के साथ ‘स्वदेस' में दिखीं। फिल्म से उन्हें शोहरत भी मिली, लेकिन ये उनकी पहली और आखिरी फिल्म रही। इसके बाद उन्होंने बिजनेसमैन विकास ओबेरॉय से शादी कर ली और एक्टिंग करियर छोड़ दिया। गायत्री के दो बच्चे हैं।


सोनू वालिया

80 और 90 के दशक में फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने वाली मॉडल और एक्ट्रेस सोनू ने मॉडलिंग से अपना करियर शुरू किया। 1985 में वो मिस इंडिया का खिताब जीतने वाली सोनू ने 30 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया। सोनू को जब सफलता नहीं मिली तो उन्होंने बी ग्रेड फिल्मों में भी काम करना शुरू कर दिया। हालांकि, बाद में उनके काम की काफी आलोचन हुई। ऐसे में सोनू ने इंडस्ट्री को छोड़ शादी करने का मन बना लिया। उन्होंने NRI सूर्य प्रकाश से शादी कर अपना घर बसा लिया। सूर्य प्रकाश के निधन के बाद उन्होंने दूसरी शादी NRI फिल्म प्रोड्यूसर प्रताप सिंह से की। अब वो यूएस में रहती हैं, हालांकि कभी-कभी उनका भारत आना भी होता है।